10 C
New York
Monday, March 9, 2026

Buy now

spot_img

Twinkle Khanna: “मेरे बच्चों ने कभी मेरी फिल्में नहीं देखीं, टीवी पर आते ही मैं शर्म से बंद कर देती हूं”

Twinkle Khanna: बहुत साफ बोलने वाली इन्सान हैं ट्विंकल खन्ना..उनका ही एक खुलासा है ये कि मेरे बच्चे मेरी फिल्में नहीं देखते..

कभी बॉलीवुड की अभिनेत्री रहीं और अब लेखिका के रूप में अपनी पहचान बना चुकीं Twinkle Khanna ने एक इंटरव्यू में अपनी फिल्मों को लेकर बेहद दिलचस्प और ईमानदार बातें साझा की थीं। उन्होंने बताया था कि उन्हें अपनी ही फिल्में देखने में शर्म महसूस होती है और उनके बच्चों ने भी आज तक उनकी फिल्में नहीं देखी हैं।

ट्विंकल खन्ना ने कहा था,
“मेरे बच्चों ने मेरी फिल्में कभी नहीं देखी हैं। मुझे बहुत शर्म आती है। जब भी टीवी पर मेरी कोई फिल्म आती है तो मेरे पति मुझे बुलाते हैं और फिर ज़ोर-ज़ोर से हंसते हैं। और मैं तुरंत टीवी बंद करके कमरे से बाहर चली जाती हूं।”

यह बातें उन्होंने कुछ साल पहले एक इंटरव्यू में पत्रकार Ronjita Kulkarni से बातचीत के दौरान कही थीं। उस इंटरव्यू में उन्होंने अपने जीवन और फिल्मी करियर से जुड़े कई रोचक किस्से भी साझा किए थे।

ट्विंकल खन्ना का जन्म 29 दिसंबर 1973 को हुआ था। उनके जीवन का एक दिलचस्प संयोग यह है कि उनका जन्मदिन उसी दिन पड़ता है जिस दिन उनके पिता और हिंदी सिनेमा के सुपरस्टार Rajesh Khanna का भी जन्मदिन होता है।

ट्विंकल खन्ना ने इंटरव्यू में बताया था कि पहले वह बहुत ज्यादा खुलकर बात करने वाली यानी फ्रैंक स्वभाव की थीं। लेकिन कई बार यही फ्रैंकनेस उन्हें अजीब परिस्थितियों में भी डाल देती थी।

उन्होंने एक घटना का जिक्र करते हुए बताया कि एक बार वह एक फिल्म के प्रीमियर में गई थीं। फिल्म खत्म होने के बाद उसके प्रोड्यूसर ने उनसे पूछा कि फिल्म कैसी लगी। ट्विंकल ने बिना किसी झिझक के साफ-साफ कह दिया कि उन्हें फिल्म बिल्कुल भी अच्छी नहीं लगी और वह उन्हें बेकार लगी। यह सुनकर प्रोड्यूसर का चेहरा उतर गया।

ट्विंकल कहती हैं कि अब वह पहले जैसी सीधी प्रतिक्रिया नहीं देतीं। अब अगर कोई उनसे ऐसा सवाल पूछता है तो वह कहती हैं कि वह सोचकर जवाब देंगी। इससे सामने वाले को खुद ही समझ आ जाता है कि फिल्म उन्हें खास पसंद नहीं आई।

इसी इंटरव्यू में उन्होंने एक और मजेदार घटना भी बताई। उन्होंने कहा कि एक बार एक पार्टी में उनकी मुलाकात एक बड़ी फिल्म अभिनेत्री से हुई। ट्विंकल उस अभिनेत्री की तारीफ करना चाहती थीं। उन्होंने उससे कहा,
“आप बहुत युवा दिखती हैं। क्या आप सोते समय अपना सिर बिस्तर से नीचे लटकाकर सोती हैं?”

ट्विंकल की यह बात सुनकर वह अभिनेत्री उन्हें बेहद अजीब नजरों से देखने लगीं। ट्विंकल ने यह इंटरव्यू उस समय दिया था जब उनकी लिखी किताब Mrs Funnybones लॉन्च हुई थी।

ट्विंकल ने अपने स्कूल के दिनों के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें पढ़ाई के लिए पंचगनी के एक बोर्डिंग स्कूल में भेजा गया था। हालांकि वह दो बड़े फिल्म सितारों की बेटी थीं, लेकिन स्कूल में इससे किसी को कोई फर्क नहीं पड़ता था।

उनके अनुसार, वहां उनकी परवरिश बिल्कुल एक सामान्य छात्रा की तरह हुई। उस बोर्डिंग स्कूल में भारतीय बच्चों की संख्या भी बहुत कम थी। इसलिए अधिकतर बच्चों को यह भी नहीं पता था कि उनके माता-पिता भारत के बड़े सेलिब्रिटी हैं।

ट्विंकल खन्ना ने यह भी कहा कि वह अपने बच्चों के सामने ऐसा व्यवहार करती हैं जैसे उन्होंने कभी फिल्मों में काम ही नहीं किया। वह मजाक में खुद को यह तसल्ली देती हैं कि शादी से पहले उन्होंने सिर्फ एक ही काम किया था और वह था घर-घर जाकर झींगे यानी प्रॉन्स बेचने का।

उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि उन्हें अपनी फिल्म Baadshah भी खास पसंद नहीं है। उन्होंने कहा कि उन्होंने आज तक यह फिल्म पूरी नहीं देखी है। उन्हें अपनी कई फिल्में काफी अजीब या क्रिंज लगती हैं। अगर टीवी पर उनकी कोई फिल्म आ जाए तो वह शर्म के मारे चादर में सिर छिपा लेती हैं।

ट्विंकल के मुताबिक, उनका सपना फिल्मों में आने का नहीं बल्कि चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने का था। 12वीं पास करने के बाद उन्होंने सीए की प्रवेश परीक्षा भी दी थी। लेकिन कुछ ही महीनों के भीतर उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में कदम रख दिया और फिर वह चार्टर्ड अकाउंटेंट नहीं बन सकीं।

हालांकि उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें फिल्म सेट पर काम करना अक्सर उबाऊ लगता था। उस समय इंटरनेट या मोबाइल फोन जैसी सुविधाएं नहीं थीं। शूटिंग के दौरान एक शॉट से दूसरे शॉट के बीच काफी समय लगता था और कलाकारों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता था।

ट्विंकल को यह इंतजार बिल्कुल पसंद नहीं था। यही वजह है कि फिल्मों से दूरी बनाने का उन्हें कभी कोई अफसोस नहीं हुआ।

(अर्चना शेरी)

 

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles