YouTuber Bonu Komali हैदराबाद की 21 वर्षीया छात्रा ने दे दी जान – डायरी में दर्ज 37 दिनों का दर्द, आख़िरी मैसेज में लिखा – “वो ढूंढेगा, मैं नहीं मिलूंगी”
हैदराबाद की चमक-दमक के पीछे छिपे अकेलेपन ने एक और युवा ज़िंदगी को निगल लिया। 21 वर्षीय यूट्यूबर बोनू कोमाली ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस को उनके मणिकोंडा स्थित फ्लैट से एक भावनात्मक नोट और डायरी मिली है, जिसमें ब्रेकअप के बाद के 37 दिनों का दर्द दर्ज है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि प्रेम संबंध में आई दरार और उससे उपजा गहरा मानसिक तनाव इस दुखद कदम की वजह बना।
फ्लैट से मिला शव, डायरी में दर्ज दर्द
मूल रूप से विशाखापत्तनम की रहने वाली बोनू कोमाली हैदराबाद में ग्रेजुएशन कर रही थीं और यूट्यूब पर लाइफस्टाइल वीडियो के जरिए पहचान बना रही थीं। पुलिस के अनुसार, उनके घर से बरामद डायरी में पिछले 37 दिनों के भावनात्मक उतार-चढ़ाव दर्ज हैं। 21 फरवरी की एंट्री में उन्होंने लिखा –
“मुश्किल है, लेकिन उन्हें अपने दिल में सुरक्षित रखना सबसे बहादुरी भरा काम है… I am missing you man.”
डायरी के अन्य हिस्सों में उन्होंने आगे बढ़ने की दुविधा, उम्मीद और हकीकत के बीच फंसे रहने की पीड़ा व्यक्त की। एक जगह लिखा-
“मैं अपनी जिंदगी में आगे बढ़ने से डरती हूं… क्या पता वो वापस आ जाए?… मेरा एक छोटा सा हिस्सा अब भी उसका इंतज़ार करता है… क्या पता जिस पल मैं सच में दूर चली जाऊं, वो मुड़कर मुझे ढूंढने लगे?”
मां को आख़िरी संदेश
घटना वाले दिन सुबह उन्होंने कुवैत में काम कर रहीं अपनी मां को एक भावुक संदेश भेजा—
“मैं आपसे बहुत प्यार करती हूं मां, आप अपना और छोटे भाई का ख्याल रखना।”
संदेश पढ़ते ही मां को अनहोनी की आशंका हुई। कई कॉल करने पर जवाब न मिलने के बाद उन्होंने हैदराबाद में एक परिचित को फ्लैट पर भेजा। दरवाज़ा अंदर से बंद था। सूचना मिलने पर Rayadurgam Police Station की टीम मौके पर पहुंची और दरवाज़ा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां बोनू का शव मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए Osmania General Hospital भेज दिया।
जांच के अहम बिंदु
एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, बोनू पिछले कुछ महीनों से तनाव में थीं। उनके मोबाइल फोन डेटा, कॉल रिकॉर्ड और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच की जा रही है। दोस्तों और रिश्तेदारों से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि हाल ही में उन्होंने अपने पूर्व बॉयफ्रेंड से संपर्क कर मुलाकात की कोशिश की थी। अपार्टमेंट के एक सीसीटीवी फुटेज में दोनों की मुलाकात दर्ज है, जिसमें वह दरवाज़े पर खड़ी दिखाई देती हैं और उनका पूर्व साथी लौट जाता है। जांच एजेंसियां सभी पहलुओं को खंगाल रही हैं।
मानसिक स्वास्थ्य पर सवाल
यह घटना एक बार फिर रिश्तों में टूटन, सोशल मीडिया दबाव और मानसिक स्वास्थ्य के मुद्दों को सामने लाती है। विशेषज्ञों के अनुसार, ब्रेकअप के बाद लंबे समय तक चलने वाला अवसाद, अकेलापन और अनिश्चितता व्यक्ति को बेहद नाजुक स्थिति में ला सकते हैं। ऐसे समय में परिवार, दोस्तों और पेशेवर काउंसलिंग का सहारा बेहद अहम होता है।
मदद उपलब्ध है
अगर आप भावनात्मक संकट में हैं या आत्मघाती विचार आ रहे हैं, तो तुरंत किसी भरोसेमंद व्यक्ति से बात करें या 24×7 किरण मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन (1800-599-0019) पर कॉल करें। आप अकेले नहीं हैं।
(सुमन पारिजात)



