Rashmika Mandana ने शेयर की शादी की पहली तस्वीर, लिखा – “मिलिए मेरे पति विजय से…”
आख़िरकार वह पल आ ही गया, जिसका फैंस को लंबे समय से बेसब्री से इंतज़ार था। साउथ इंडस्ट्री के सुपरहिट कपल विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना अब आधिकारिक तौर पर एक-दूजे के हो चुके हैं। दोनों ने उदयपुर में अपने परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में एक खूबसूरत और इंटीमेट वेडिंग सेरेमनी में सात फेरे लिए। उनकी शाही शादी की पहली झलक सामने आते ही सोशल मीडिया पर मानो खुशी की लहर दौड़ गई।
दूल्हा-दुल्हन के रूप में सजे विजय और रश्मिका से फैंस की नजरें हटाना मुश्किल हो रहा है। शादी के जोड़े में दोनों सचमुच “मेड फॉर ईच अदर” नजर आए।
उदयपुर में शाही अंदाज़ में हुई शादी
26 फरवरी 2026 को उदयपुर के एक लग्ज़री रिज़ॉर्ट में इस चर्चित जोड़ी ने विवाह किया। विजय की परंपराओं का सम्मान करते हुए विवाह तेलुगू रीति-रिवाजों से संपन्न हुआ, जबकि शाम के समय रश्मिका के कोडवा रीति-रिवाजों के अनुसार फेरे लिए गए। इस तरह दोनों संस्कृतियों का सुंदर संगम उनकी शादी में देखने को मिला।
कपल ने फैंस का इंतज़ार खत्म करते हुए अपनी शादी की पहली तस्वीर साझा की और एक-दूसरे के लिए भावनाओं से भरे कैप्शन लिखे।
“अब मिलिए मेरे पति से…”
रश्मिका ने अपने पोस्ट में विजय के लिए दिल खोलकर प्यार जताया। उन्होंने लिखा –
“अब आप सब से मिलवाती हूं — मेरे पति, मिस्टर विजय देवरकोंडा। वो शख्स जिसने मुझे सिखाया कि सच्चा प्यार कैसा महसूस होता है। जिसने मुझे बताया कि सुकून क्या होता है। जो हर दिन मुझसे कहता था कि बड़े सपने देखना बिल्कुल ठीक है, और हमेशा यकीन दिलाता रहा कि मैं उससे कहीं ज्यादा हासिल कर सकती हूं, जितना मैंने कभी सोचा भी नहीं था।”
उन्होंने आगे लिखा
“वो इंसान जिसने मुझे कभी इस बात से नहीं रोका कि मैं ऐसे डांस करूं जैसे कोई देख ही नहीं रहा। जिसने मुझे दिखाया कि दोस्तों के साथ घूमना दुनिया की सबसे खूबसूरत चीज है। सच कहूं तो मैं इस इंसान पर पूरी किताब लिख सकती हूं। मैं आज जो भी हूं, जिस औरत बनने का मैंने सपना देखा था — वो इसलिए बन पाई क्योंकि आपने मुझे हमेशा सपोर्ट किया। मैं सच में बहुत धन्य हूं।”
अपने प्यार को शब्दों में पिरोते हुए रश्मिका ने विजय को ‘विज्जू’ कहकर संबोधित किया और लिखा—
“तुम्हारे लिए जो महसूस करती हूं, उसे बयान करने के लिए मेरे पास हमेशा शब्द कम पड़ जाते हैं। अब मेरी सारी कामयाबियां, संघर्ष, खुशियां और दुख — सब कुछ और ज्यादा मायने रखते हैं क्योंकि तुम मेरे साथ हो। मैं तुम्हारी पत्नी बनने के लिए बेहद, बेहद, बेहद ज्यादा एक्साइटेड हूं। अब तो जश्न का समय है। चलो, साथ में अपनी जिंदगी की सबसे खूबसूरत कहानी लिखते हैं। मैं तुमसे बहुत प्यार करती हूं।”
विजय ने भी जताई अपनी भावनाएं
विजय देवरकोंडा ने भी अपनी पत्नी रश्मिका को समर्पित एक भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा कि एक दिन उन्हें रश्मिका की इतनी कमी महसूस हुई कि लगा अगर वो साथ होतीं तो दिन और बेहतर होता, खाना ज्यादा स्वादिष्ट लगता, वर्कआउट सजा नहीं बल्कि मजेदार अनुभव बन जाता, और जहां भी होते, वही घर जैसा सुकून मिल जाता।
अंत में उन्होंने बड़े ही प्यारे अंदाज़ में लिखा कि इसलिए उन्होंने अपनी बेस्ट फ्रेंड को ही अपनी पत्नी बना लिया। 26.02.2026 को शेयर किया गया उनका यह कैप्शन उनके रिश्ते की गहराई और सच्चे प्रेम को खूबसूरती से दर्शाता है।
“VIROSH” की वेडिंग
विजय और रश्मिका की जोड़ी को फैंस ने पहली बार पर्दे पर देखकर “VIROSH” नाम दिया था। फैंस के इसी प्यार को सम्मान देते हुए कपल ने अपनी शादी को “VIROSH की वेडिंग” नाम दिया। उनकी वेडिंग फोटोज में साउथ इंडियन कल्चर की झलक साफ दिखाई देती है। फैंस और सेलेब्स दोनों ने इस नई जोड़ी पर जमकर प्यार बरसाया।
हैदराबाद में होगा ग्रैंड रिसेप्शन
उदयपुर में इंटीमेट वेडिंग के बाद यह कपल 4 मार्च को हैदराबाद में एक भव्य रिसेप्शन पार्टी देगा, जिसमें फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े सितारों के शामिल होने की उम्मीद है।
कैसे शुरू हुई थी प्रेम कहानी?
विजय और रश्मिका की पहली मुलाकात साल 2017 में फिल्म Geetha Govindam के सेट पर हुई थी। धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदल गई। 2018 में रिलीज हुई इस फिल्म में उनकी ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री ने दर्शकों का दिल जीत लिया। इसके बाद दोनों फिल्म Dear Comrade में भी साथ नजर आए।
समय के साथ उनका रिश्ता और गहरा होता गया। पिछले साल अक्टूबर में दोनों ने गुपचुप सगाई की थी और अब शादी के बंधन में बंधकर हमेशा के लिए एक-दूसरे के हो गए हैं।
रश्मिका का पुराना रिश्ता
विजय से पहले रश्मिका अभिनेता रक्षित शेट्टी के साथ रिश्ते में थीं। दोनों की सगाई भी हुई थी, लेकिन एक साल बाद यह रिश्ता समाप्त हो गया।
आज विजय और रश्मिका अपनी नई जिंदगी की शुरुआत कर चुके हैं। इस खूबसूरत जोड़ी को शादी की ढेरों शुभकामनाएं और आने वाले जीवन के लिए अनंत खुशियों की कामना।
(अर्चना शैरी)



