Business Woman नामक इस श्रंखला में आप जानेंगे सफल महिला जन-उद्योगपतियों की सफलता की यात्रा के विषय में..आज बात मेरठ की गीता की..
मेरठ की गीता ने दिल्ली में 50 हजार रुपये से शुरू किया बिजनेस, 6 साल में पहुंचा 7 करोड़ रुपये टर्नओवर, पिछले महीने यूरोप में भी खोला ऑफिस.
उत्तर प्रदेश के मेरठ की रहने वाली गीता सिंह दिल्ली में एक पीआर कंपनी चलाती हैं। उनका नेटवर्क देश के 180 शहरों तक फैला हुआ है। हाल ही में उन्होंने एस्टोनिया में भी अपना एक ऑफिस खोला है।
गीता के पिता सरकारी नौकरी में थे और चार भाई-बहनों की जरूरतें पूरी करने के लिए दिन-रात मेहनत करते थे। गीता जब इंडियन ऑयल की बड़ी बिल्डिंग देखती थीं, तो सोचती थीं कि एक दिन उनका भी ऐसा ही एक ऑफिस होगा।
शुरुआत में उन्होंने अपने घर के एक कमरे को ही ऑफिस बना लिया। पैसे बचाने के लिए खुद ही सफाई करतीं, टेबल अरेंज करतीं, क्योंकि अतिरिक्त स्टाफ रखने के लिए उनके पास बजट नहीं था।
मेरठ जैसे छोटे शहर से निकलकर दिल्ली में अपनी पहचान बनाने वाली गीता सिंह एक सफल पब्लिक रिलेशन (पीआर) कंपनी चला रही हैं। उनके 200 से ज्यादा क्लाइंट्स हैं और उनकी कंपनी में करीब 50 लोग काम करते हैं। उनका सालाना टर्नओवर 7 करोड़ रुपये है। अभी पिछले महीने ही उन्होंने एस्टोनिया (यूरोप) में भी अपना नया ऑफिस खोला है।
33 वर्षीय गीता एक मिडिल क्लास परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उन्होंने 12वीं तक की पढ़ाई मेरठ के एक सरकारी स्कूल से की, फिर दिल्ली यूनिवर्सिटी से पॉलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन किया और उसके बाद मास कम्युनिकेशन में डिप्लोमा किया।
उनके पिता चाहते थे कि गीता डॉक्टर, इंजीनियर या आईएएस बनें, लेकिन गीता की रुचि हमेशा कुछ अलग करने में थी। उन्हें 10 से 5 की नौकरी करना पसंद नहीं था।
वह बताती हैं कि जब वह डिप्लोमा के दौरान कॉलेज जाती थीं, तो रास्ते में इंडियन ऑयल की एक बड़ी बिल्डिंग दिखती थी। वह उसे देखते हुए सोचती थीं कि एक दिन उनका भी ऐसा ही ऑफिस होगा। लेकिन कब और कैसे, यह तय नहीं कर पा रही थीं। डिप्लोमा के बाद उन्होंने 4 साल तक विभिन्न कंपनियों में काम किया, जहां पीआर मैनेजमेंट से लेकर कंटेंट क्रिएशन तक का अनुभव हासिल किया, जिससे उन्हें अपने बिजनेस की नींव रखने में मदद मिली।
(अर्चना शेरी)